उत्तराखंड के रुद्रपुर में उर्वरक बिक्री की नगदी बैंक में जमा करने जा रहे सहायक प्रबंधक से बाइक सवार दो बदमाशों ने 2.20 लाख की नगदी लूट ली। नगदीभरा थैला झपटने के बाद बदमाश उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। बाद में सहायक प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक काशीपुर रोड स्थित इफको किसान सेवा केंद्र रुद्रपुर के सहायक प्रबंधक अभय प्रताप सिंह सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे उर्वरक बिक्री का रुपया करीब 2.20 लाख रुपये आईडीबीआई बैंक में जमा करने के लिए बाइक से निकले।
भागने के लिए किया मिर्ची पाउडर का इस्तेमाल
वह इफको कार्यालय के कुछ आगे निकले ही थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उनके कंधे लटकाया नगदी भरा बैग झपट लिया। अभय प्रताप सिंह जब तक कुछ समझ पाते बाइक में पीछे बैठे बदमाश ने उनकी आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और तेजी से वहां से फरार हो गए।
अभय ने बाइक रोक कर मामले की सूचना कार्यालय के साथ ही पुलिस को भी दी। सूचना पर कोतवाल जेसी पाठक, एसएसआई आरसी मखौलिया पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।
साथ ही बदमाशों की धरपकड़ को रामपुर रोड, किच्छा रोड, नैनीताल रोड और गदरपुर रोड पर चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
ये रहीं शहर में अब तक हुई वारदातें
वर्ष 2012 में आवास विकास से लेबर सप्लायर शर्मा बंधुओं की कार का शीशा तोड़कर 7.50 लाख रुपये की नगदी पार कर दी गई।
वर्ष 2013 में सिविल लाइन से एक कार का शीशा तोड़कर बदमाशों ने 3.50 लाख रुपये उड़ाए।
वर्ष 2014 में काशीपुर रोड से बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नगदी उड़ाई।
सात अक्टूबर 2014 को गांधी पार्क में पार्क की गई सिडकुल के वाहन का शीशा तोड़कर 6.50 लाख रुपये उड़ाए।
20 नवंबर 2014 को सीरगोटिया मस्जिद के पास बाइक का पंचर जुड़ा रहे रामपुर निवासी राईस मिलर्स से बदमाशों ने 7.77 लाख रुपये झपट्टे।
18 मई 2015 को पंतनगर निवासी लेबर सप्लायर जितेंद्र शुक्ला की कार का शीशा तोड़कर बाइक सवार बदमाशों ने छह लाख रुपये उड़ाए।
15 जून 2015 को बिलासपुर निवासी महिला सिंदर कौर से बाइक सवार बदमाशों ने काशीपुर रोड से सवा लाख रुपये झपट्टे।
10 अगस्त 2015 को इफको के सहायक प्रबंधक अभय प्रताप सिंह से बाइक सवारों ने 2.20 लाख रुपये की नगदी लूटी।