बदमाशों ने मंगलवार तड़के रोड होल्डअप कर हथियारों के बल पर दो ट्रक चालकों से तीन हजार रुपये लूट लिए। जबकि एक ट्रक ड्राइवर ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए रास्ते में डाले गए पेड़ाें पर तेज गति से ट्रक चढ़ा दिया।
इससे पेड़ कुछ किनारे हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार को रास्ता मिलने से वह भी सुरक्षित निकल गई। सूचना पर पहुंची मंगलौर, लक्सर और रुड़की पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर घंटों कांबिंग शुरू की लेकिन, बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया।
सुबह करीब चार बजे लिब्बरहेड़ी तिराहे के पास बदमाशों ने लूटपाट करने की नीयत से सड़क पर एक पेड़ काटकर डाला दिया। इस दौरान बदमाशों ने कई वाहन चालकों से हथियाराें के बल पर लूटपाट की। वहीं एक ट्रक चालक ने खतरा भांप कर ट्रक को तेजी से दौड़ा दिया।
इससे सड़क पर काटकर डाले गए पेड़ कुछ एक तरफ हो गए। ट्रक के पीछे आ रही एक कार भी सुरक्षित निकल गई। इसी बीच लूटपाट का शिकार हुए दो ट्रक चालक मंगलौर कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी पुुलिस को दी।
रोड होल्डअप कर लूटपाट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के निर्देश पर मंगलौर, रुड़की और लक्सर पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीमाें ने रास्ते से पेड़ों को हटाकर बदमाशाें की तलाश में कांबिंग की, लेकिन घंटाें मशक्कत के बाद बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया।
गौरतलब है कि शनिवार रात पथरी और बहादराबाद क्षेत्रों में रोड होल्डअप की वारदात हुई थी। इससे पहले झबरेड़ा क्षेत्र में भी वारदात हो चुकी है। करीब छह माह पूर्व खानपुर में भी लक्सर विधायक संजय गुप्ता के रिश्तेदाराें से रोड होल्डअप कर लूटपाट की गई थी।
रोड होल्डअप कर ट्रक ड्राइवराें से तीन हजार रुपये की लूटपाट हुई है, लेकिन जिस तरह से ट्रक ड्राइवर बयान दे रहे हैं, उससे घटना संदिग्ध लग रही है। घटना के सभी पहलुआें को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।
-मणिकांत मिश्र, एसपी देहात