उत्तराखंड के खटीमा के साइबर कैफे में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी कैफे कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पुलिस को घटना की जानकारी नहीं देने पर कैफे स्वामी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्षेत्र की एक विधवा रविवार दोपहर अपनी नाबालिग बेटी के साथ कोतवाली पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि नगर स्थित पाल साइबर कैफे के कर्मचारी रोहित उर्फ कबीर (25) ने रविवार दोपहर उसकी बेटी को फॉर्म भरने के नाम पर कैफे में बुलाया था। काफी देर तक जब बेटी नहीं लौटी तो उसने कैफे में जाकर कैफे स्वामी से बेटी के बारे में पूछताछ की।
धारा 376 आईपीसी, 3-4 पॉक्सो के तहत आरोपी गिरफ्तार
arrest
इस पर कैफे स्वामी ने उसकी बेटी के वहां नहीं होने की बात कही। महिला के मुताबिक, जब वह बाहर निकली तो उसकी नजर कैफे के बाहर खड़ी बेटी की साइकिल पर पड़ी। इस पर उसे बेटी के साथ अनहोनी का अंदेशा हुआ।
इस पर महिला ने शोर मचा दिया, जिससे वहां लोग एकत्र हो गए। लोगों ने भीतर जाकर देखा तो ऊपर के कमरे में साइबर कैफे कर्मचारी को उनकी बेटी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर कैफे में कार्यरत कर्मचारी रोहित उर्फ कबीर (25) निवासी पकरिया गांव को धारा 376 आईपीसी, 3-4 पॉक्सो के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा, घटना की जानकारी नहीं देने पर पुलिस ने कैफे स्वामी के खिलाफ घटना की जानकारी न देने का मामला दर्ज किया है। कोतवाल कुंवर सिंह रावत ने कहा कि किशोरी का सोमवार को एक और मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।