पुलिस अभिरक्षा से फरार अमित उर्फ भूरा की तलाश में जुटी तीन राज्यों की पुलिस की साख दांव पर लग गई है। एक सप्ताह बाद भी भूरा का कोई सुराग न लग पाने के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली की संयुक्त पुलिस टीम बनाकर ‘आपरेशन भूरा’ शुरू करने पर सहमति बनी है।
अभियान (आपरेशन) के लिए नोएडा में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) तैयार हो चुका है। तीनों राज्यों के तेजतर्रार पुलिसकर्मियों पर अभियान को कामयाब करने की जिम्मेदारी डाली गई है। भूरा की गिरफ्तारी होने तक प्रदेश के उप महानिरीक्षक (डीआईजी), दून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नोएडा कंट्रोल रूम में बारी-बारी जाएंगे।
उत्तराखंड विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम वहां पूरे समय तैनात रहेगी। उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल के पुलिस अधीक्षक भी नोएडा में रहेंगे। दिल्ली के अधिकारी भी यहां आते रहेंगे।
प्रदेश के ये अधिकारी शामिल
उप महानिरीक्षक गढ़वाल संजय गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून पुष्पक ज्योति बारी-बारी नोएडा कंट्रोल रूम जाते रहेंगे
-विशेष कार्यबल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद दाते और अपर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर आपरेशन पूरा होने तक वहीं रहेंगे
महानिदेशक पहुंचे लखनऊ, यह होगा काम
सोमवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बीएस सिद्धू ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एएल बनर्जी, अपर पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल, विशेष कार्य बल महानिरीक्षक सुजीत पांडेय संग भूरा की गिरफ्तारी की कार्ययोजना पर चर्चा की। इसके बाद ही संयुक्त अभियान के लिए सहमति बनी।
यह होगा काम
-तीनों राज्यों में भूरा के ठिकानों की तलाश
-भूरा से जुड़े रहे लोगों की जानकारी जुटाना
-भूरा से जुड़े लोगों को मोबाइल सर्विलांस पर लेना
-तीनों राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाना
-संयुक्त टीम को कार्रवाई के दिशानिर्देश
-हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भूरा के संपर्कों की तलाश
-भूरा की जानकारी के लिए मुखबिरों का जाल तैयार करना
-हर 24 घंटे में प्रगति की समीक्षा कर अगली कार्रवाई तय करना
आपरेशन भूरा शुरू हो चुका है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली के भी अनुभवी पुलिसकर्मियों, अधिकारियों को इससे जोड़ा गया है। नोएडा में नियंत्रण कक्ष पूरे अभियान पर नजर रखेगा, टीम को निर्देश देगा और कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएगा। भूरा जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
-बीएस सिद्धू, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड