एक सनसनीखेज घटना में हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के एक प्रेमी युगल ने पुलिस की मौजूदगी में जहर खा लिया। घटना में प्रेमी की मौत हो गई जबकि प्रेमिका अस्पताल में मौत से जूझ रही है।
प्रेमी युगल को पुलिस लुधियाना से बरामद करके लाई थी। करीब 20 दिन पूर्व प्रेमी युगल भगवानपुर के एक गांव से फरार हुआ था। प्रेमी के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक सहारनपुर जनपद के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री का विवाह करीब सात माह पूर्व भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। कि युवती का अपने मायके के ही प्रदीप (24) से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बताया गया कि 27 अगस्त की रात को प्रदीप अपनी प्रेमिका को उसके ससुराल से लेकर फरार हो गया। इस बाबत विवाहिता के ससुराल पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर विवाहिता की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस को जांच पड़ताल में पता चला था कि विवाहिता अपने ही मायके के गांव निवासी प्रदीप के साथ फरार हुई थी और युगल अब लुधियाना में रह रहा है।