देहरादून जिले के डोईवाला थाना क्षेत्र के हर्रावाला में सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट के घर में डकैती होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
बदमाशों ने कमांडैंट के दोनों बेटों को बंधक बनाया और लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने घटना को सोमवार देर रात करीबी ढाई बजे अंजाम दिया।
बताया गया कि सुनील कुमार ढौंडियाल सीआईएसएफ में असिस्टेंड कमांडेंट हैं और उनकी तैनाती बाहर है। घर में पत्नी और दो बेटे रहते हैं। बताया जा रहा है कि सुनील की पत्नी तरुणा सोमवार दोपहर रिश्तेदार के गई थी। घर में दोनों बेटे थे।
आधी रात के बाद करीब 2.30 बजे छह बदमाश घर में घुसे और दोनों बेटों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरा घर खंगाला। घर से बदमाश लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और जेवर लूट ले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल रेंज पुष्पक ज्योति ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी ली। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गाठित करने के निर्देश दिए गए हैं।