उत्तराखंड के रुड़की में फार्म भरने सिविल लाइंस आई एक छात्रा के साथ कुछ युवकों ने सरेराह मारपीट शुरू कर दी। घटना का विरोध जताने पर उसके साथ जा रहे भाई पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह हमलावरों के चंगुल से दोनों को मुक्त कराया। बताया गया है कि युवक पांच साल पुरानी दोस्ती के तोड़ने से नाराज था।
घटनाक्रम के मुताबिक लंढौरा कस्बा निवासी एक युवती एमए की छात्रा है। छात्रा की भगवानपुर-चंदनपुर गांव निवासी एक युवक से दोस्ती थी। कुछ दिनों पहले युवक की हरकतों से तंग आकर उसने दोस्ती तोड़ दी। इस बात से युवक काफी खफा था।
बहन को पीटने से रोका तो भाई को धुना
शनिवार को छात्रा अपनी बुआ के बेटे के साथ रुड़की में किसी परीक्षा का फार्म ऑनलाइन भरने के लिए आई थी। सिविल लाइंस में प्रेम मंदिर के पास पहले से ही आरोपी युवक अपने एक दोस्त के साथ खड़ा था। उसने छात्रा का रास्ता रोक लिया और उसे दोस्ती तोड़ने का कारण पूछा।
छात्रा ने उससे बात करने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने करने लगा। इसी बीच आरोपी ने छात्रा को एक साथ कई तमाचे मार दिए।
आरोपियों को मारपीट करते देख छात्रा के भाई ने विरोध जताया तो हमलावरों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह से छात्रा और उसके भाई को हमलावरों के चंगुल से मुक्त कराया।
आरोपी हमलावर छात्रा और उसके भाई को धमकी देते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के बाद भयभीत छात्रा कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की तहरीर दी। एसएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
महिला से सरेराह छेड़छाड, फरार
गणेशपुर पुल के पास बाइक सवार आरोपी ने एक नर्सिंग होम में काम करने वाली नर्स के साथ सरेराह छेड़छाड़ कर दी। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी फरार हुआ। घटना की तहरीर गंगनहर पुलिस को दे दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला एक नर्सिंग होम में नर्स है। शनिवार की सुबह वह घर से नर्सिंग होम जा रही थी। इसी बीच रास्ते में खड़े बाइक सवार युवक ने उसको भद्दे इशारे करने शरू कर दिए।
महिला ने उसकी हरकतों पर ध्यान नहीं दिया तो आरोपी की हिम्मत बढ़ गई और उसने पीछा शुरू कर दिया। जिस पर महिला ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचते इससे पूर्व ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है।