हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में एक मासूम को सांप ने उस समय काटा जब वह सो रही थी। आठ वर्षीय बच्ची के परिजनों को इतना भी समय नहीं मिला कि मासूम की जिंदगी बचाने के लिए उसे वह अस्पताल ले जा सकें।
मामला सुबाथू क्षेत्र की ग्राम ग्राम पंचायत हरिपुर के धानेरी गांव का है। घर में आठ वर्षीय हसीना सो रही थी, अचानक उसके पांव में दर्द होने लगा। बच्ची ने उठकर अपने पिता को दर्द के बारे में बताया।
लड़की के पिता चिरागदीन ने बिजली जलाई तो देखा कि सांप दरवाजे से बाहर निकल रहा था। लड़की की टांग पर सांप के काटने का निशान था। मगर थोड़े समय के बाद लड़की के मुंह से झाग निकलने लगा।
जब तक घरवाले अस्पताल जाने की सोचते बच्ची की मौत हो गई। ग्राम पंचायत प्रधान नियाज मोहम्मद ने बताया कि बच्ची की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
शार्टकट से घर जाना पड़ा महंगा, बहकर मौत
हिमाचल में कई दिनों से हो रही बारिश से उफान पर चल रही सोलन जिला की सरसा नदी के तेजबहाव में एक युवक की जान चली गई। लोगों के मुताबिक चारों जल्दी घर पहुंचने के लिए शार्टकट रास्ते से नदी पार करके घर जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक चारों युवक सरसा नदी पार काम करने खेड़ा आए थे। घटना शनिवार रात करीब दस बजे की है। जब यह श्रमिक घर लौटते हुए सरसा नदी पर बने वैकल्पिक मार्ग से गुजर रहे थे तो अचानक नदी उफान पर आ गई।
इससे अनवर खान (35) पुत्र हकीमदीन निवासी गांव नानोवाल, पंचायत खेड़ा पानी के बहाव में बह गया। उसके अन्य साथियों जमाल दीन, गुफार व उसके सगे भाई सिकंदर ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रहे।
इसके बाद गुफार समीप की मस्जिद में पहुंचा, जहां से लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। शख्स के बहने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने छह किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। घटनास्थल से डेढ किमी दूर नानोवाल में युवक का शव पत्थरों के बीच फंसा मिला।
बाइक की पिकअप से टक्कर में युवक की मौत
सोलन जिला के बद्दी-सांई मार्ग पर एनआरआई चौक के पास एक बाइक के पिकअप से टकराने से युवक की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है।
रविवार सुबह पांच बजे युवक अपने मित्र को बस पकड़वाने के लिए बाईक लेकर बद्दी बस स्टैंड गया था। वापसी में बसंती बाग से दो सौ मीटर पहले एनआरआई चौक पर खड़ी पिकअप से टकरा गया।
इससे पहले दूध बेचने वाले व्यक्ति ऊना के बगाणा निवासी जसविंद्र को भी बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। इससे उसकी टांग व बाजू में फ्रेक्चर हो गई।
बद्दी पुलिस क्यूआरटी वैन से बाइक चालक सुनील को बद्दी सीएचसी लेकर जा रही थी कि युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि मृतक युवक का नालागढ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
24 वर्षीय सुनील कुमार अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। बंगलुरू में बी फार्मा की प्रशिक्षण लेने के बाद एक वर्ष से बद्दी में नौकरी कर रहा था। घर में दो छोटी बहने अभी पढ़ रही है।