बुधवार को शहर के नामी स्पा सेंटर में गैरकानूनी रूप से काम कर रहीं थाईलैंड की दो युवतियों को पुलिस ने हिरासत मे लिया। इसके बाद खुलासा हुआ वह चार युवतियां हैं जो यहां काम करती हैं।
आईएसबीटी स्थित रेड रोज स्पा सेंटर के बाद चकराता रोड के एक सेंटर से थाईलैंड की दो युवतियों को काम करते हुए पकड़ा गया है। यह चारों युवतियां वीजा के नियमों का उल्लंघन कर नौकरी कर रही थीं।
एलआईयू ने जांच के बाद इन युवतियों को ब्लैक लिस्ट करते हुए देश छोड़ने का नोटिस दिया है, इनमें से एक सुबह ही बैंकाक निकल गई। विदेशी के बारे में जानकारी नहीं देने पर दोनों स्पा सेंटर संचालकों और फ्लैट मालिकों को नोटिस दिया गया है।
स्थानीय अभिसूचना इकाई ने मंगलवार को आईएसबीटी के पास स्थित रोड रेज स्पा सेंटर से थाईलैंड की दो युवतियों को बुलाकर पूछताछ की थी। लक्की और हॉग वी माल शकुल टूरिस्ट और बिजनेस वीजा पर भारत आई हुई थीं। यह दोनों वीजा नियमों का उल्लंघन कर स्पा सेंटर पर काम कर रही थीं।
विदेशी युवती को देश छोड़ने का नोटिस
नियमानुसार उनके पास रोजगार का वीजा होना चाहिए था। एलआईयू ने उन्हें बुधवार सुबह पासपोर्ट और वीजा दिखाने को कहा था। एक युवती सुबह-सुबह ही बैंकाक के लिए चली गई, जबकि दूसरी भी फुर्र होने की फिराक में थी, मगर उसे पकड़ लिया गया।
एलआईयू ने विदेशी युवती को देश छोड़ने का नोटिस तामिल करा दिया। रोड रेज स्पा सेंटर के संचालक जितेन्द्र यादव और फ्लैट मालिक उषा बतरा को विदेशियों की जानकारी न देने पर नोटिस दिया गया है। संतुष्ट जनक जवाब न देने की स्थिति में उनके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद एलआईयू टीम ने शहर के अन्य स्पा सेंटरों में चेकिंग अभियान चलाया। चकराता रोड और जीएमएस रोड के तीन स्पा सेंटरों पर चेकिंग की गई। इंस्पेक्टर नेगी ने चकराता रोड स्थित स्पा पैलेस पर थाईलैंड की दो युवतियों को काम करते हुए पकड़ लिया। यह दोनों भी बिजनेस और टूरिस्ट वीजा पर आई हुई थीं, इन्हें बुलाकर एलआईयू ने पूछताछ की। साथ ही स्पा संचालक रविन्द्र मान को भी बुलाकर बातचीत की गई।
वीजा के नियमों का उल्लंघन करने के कारण थाईलैंड की चारों युवतियों को ब्लैक लिस्ट किया जा रहा है, ताकि यह भविष्य में भारत न आ सकें। इन विदेशी युवतियों को तत्काल भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। इसके अलावा स्पा सेंटर संचालक और फ्लैट मालिक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
- निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक