देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग सगी बहनों से अश्लील हरकत करने वाले 67 वर्षीय वृद्ध दुकानदार को अदालत ने पांच साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड नहीं देने पर दोषी को 15 दिन का अतिरिक्त कारावास काटना होगा। मामला वर्ष 2014 का है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार पटेलनगर थाना क्षेत्र निवासी दो नाबालिग सगी बहनें परचून की दुकान पर सामान खरीदने गईं थीं। मेहुवाला माफी लक्ष्मण गढ़ी निवासी हीरा लाल ने उन्हें टॉफी का लालच देकर अपने घर पर बुलाकर अश्लील हरकतें की। 24 जून वर्ष 2014 को मामले की पटेलनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
छह गवाह हुए पेश
विशेष अदालत प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेंस (पोक्सो) नीना अग्रवाल की अदालत में हुई सुनवाई में अभियोजन की ओर से छह गवाह पेश किए गए। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता जया ठाकुर ने कहा अदालत ने आरोपी को 354 और पोक्सो एक्ट में दोषी पाते हुए पांच साल की कैद एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
Published by: Vivek Singh