बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव में ग्राम प्रधान के भाई ने घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ की। इससे गांव में रोष फैल गया है। वहीं युवती के परिजनों ने थाने में सुनवाई नहीं होने पर एसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की युवती सोमवार की सुबह को अपने घर में काम कर रही थी, उसके परिजन खेत में काम करने गए हुए थे। युवती को अकेला देख ग्राम प्रधान का भाई घर में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा।
इस पर युवती ने शोर मचा दिया। युवती का शोर सुनकर आसपास में रहने वाले कई लोग मौके पर आ गए, जिन्हें देख आरोपी वहां से भाग गया। घटना का पता लगते ही युवती के परिजनों समेत ग्रामीणों में रोष फैल गया है।
परिजनों ने एसपी को पत्र भेजा है, जिसमें उल्लेख किया है कि वह उन्होंने पीड़ित युवती को साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, मगर रिपोर्ट लिखना तो दूर पुलिस जांच के लिए मौके पर भी नहीं पहुंची।
इससे आरोपी समेत प्रधान पक्ष के लोगों का हौसला बढ़ रहा है, जो कार्रवाई करने पर धमकी दे रहे हैं। उधर, एसओ आरके शर्मा का कहना है कि प्रधान पक्ष दूसरे पक्ष पर उधार ली गई रकम नहीं लौटाने और दूसरा पक्ष प्रधान के भाई पर छेड़छाड़ का आरोप लगा रहा है।
मामले की जांच कराई जा रही है। सच्चाई सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।