रुड़की के गोलभट्टा में एक जन्मदिन की पार्टी में शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा फायरिंग से पूरी पार्टी में हड़कंप मच गया। गोली पार्टी में शामिल एक युवक पैर में जा धंसी। परिजन आनन-फानन में उसे हरिद्वार स्थित एक निजी चिकित्सालय में ले गए जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है।
सिविल लाइंस क्षेत्र की घटना
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के गोलभट्टा कालोनी में दो दिन पूर्व एक युवक के यहां पर जन्मदिन की पार्टी थी। इस पार्टी में डबल फाटक के पास चाय की दुकान करने वाला युवक भी गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्टी में गोलभट्ठा निवासी एक युवक भी इस पार्टी में शराब के नशे में पहुंच गया। युवक ने पिस्टल से नशे में फायरिंग कर दी। जिसके चलते चाय की दुकान करने वाले युवक के पैर में गोली लग गई।
पुलिस को जानकारी नहीं
गोली लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। इसके बाद गोली चलाने वाला युवक भी वहां से निकल गया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर हरिद्वार स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां पर उसका उपचार करने के बाद डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं इस बाबत कोतवाली प्रभारी महेश चंद्रा का कहना है कि पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी।