पड़ोस के एक युवक ने घर में घुसकर एक नाबालिग छात्रा से मारपीट और छेड़छाड़ की। इस पर छात्रा ने खुद अपनी तरफ से पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पोक्सो एक्ट व मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
शहर से सटे रामपुर में एक युवक मामूली बात से चिढ़कर पड़ोस के घर में घुस गया और कक्षा पांच में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवक ने छात्रा से छेड़छाड़ भी की।
परिजनों के विरोध पर आरोपी भाग निकला। इसके बाद छात्रा अपने परिजनों के साथ कोतवाली गंगनहर पहुंची और आरोपी इरफान के खिलाफ खुद तहरीर लिखकर पुलिस को दी।
पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला देखते हुए पोक्सो एक्ट और मारपीट की धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम किया।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।