देहरादून से काशीपुर पहुंची सीबीआई टीम ने बुधवार को टीडीएस भुगतान के एवज में एलआईसी एजेंट से रिश्वत लेते सहायक आयकर अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने अधिकारी के घर पर छापा मारकर जरूरी दस्तावेज भी कब्जे में लिए हैं। टीम करीब छह घंटे पूछताछ के बाद सहायक आयकर अधिकारी को अपने साथ लेकर देहरादून रवाना हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे इंस्पेक्टर एसएस मयाल और तेजप्रकाश की अगुवाई में सीबीआई की टीम स्टेशन रोड के समीप स्थित आयकर दफ्तर के गेट पर पहुंची। जैसे ही आर्यनगर कालोनी निवासी एलआईसी एजेंट राकेश कुमार ने सहायक आयकर अधिकारी राकेश कुमार को सात हजार रुपये बतौर रिश्वत दी, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई की कार्यवाही वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने करीब छह घंटे तक बंद कमरे में राकेश से पूछताछ की।
सीबीआई के बुने जाल में फंस गया
सीबीअाई
- फोटो : demo pic
टीम के शामिल अधिकारी ने बताया कि नौ मई को सुशील कुमार ने देहरादून मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वह एलआईसी का एजेंट है और उसका 1 लाख 17 हजार का टीडीएस का चेक बनना है। चेक बनाने की एवज में सहायक आयकर अधिकारी राकेश ने 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
उसने तीन किस्तों में 22 हजार रुपये दे दिए थे, लेकिन राकेश तीन हजार की बजाए अब सात हजार रुपये मांग रहा है। इस पर सीबीआई ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया जिसमें राकेश फंस गया। कार्रवाई के बाद सीबीआई की दूसरी टीम ने राकेश कुमार के आवास विकास स्थित घर पर छापा मार कर आवश्यक दस्तावेज कब्जे में ले लिए।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई की एक अन्य टीम राकेश के इलाहाबाद स्थित घर में भी छापेमारी कर सकती है। टीम में इंस्पेक्टर वाईएस देव, एसआई नवनीत मिश्रा, जेसी जोशी, कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, राम सिंह आदि शामिल रहे।