दिव्यांग से 23 लाख रुपये ठगने वाला दंपति गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दिव्यांग से धोखाधड़ी कर उसके म्यूचुअल फंड का पैसा हड़पने के आरोप में पुलिस ने हरिद्वार के एक दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन्होंने देहरादून के अपने एक परिचित से 23 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने उनके पास से करीब छह लाख रुपये, जेवर, आईफोन आदि बरामद किए हैं। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
शहर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को मोहिनी रोड निवासी उर्वशी कुमारी ने कोतवाली में शिकायत की थी। उर्वशी के अनुसार उसका भाई कर्ण विजय सिंह दिव्यांग है। सन् 2010 में शिखा सक्सेना नाम की एक महिला की कर्ण विजय से मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे उनकी जान-पहचान गहरी हो गई तो दोनों एक दूसरे पर विश्वास करने लगे। सन् 2015 में शिखा कर्ण को आढ़त बाजार ले गई और वहां पीएनबी की शाखा में उसका खाता खुलवाया। इस खाते की पासबुक उसने कर्ण को न देकर अपने पास रख ली। उसे मालूम था कि कर्ण ने आईसीआईसीआई म्यूचुअल फंड में निवेश किया हुआ, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये हैं। इस बीच वह धोखे से आईसीआईसीआई बैंक से म्यूचुअल फंड का फार्म ले आई और उस पर कर्ण विजय के हस्ताक्षर करा लिए। जिससे उसने म्यूचुअल फंड का धन पीएनबी के अकाउंट में ट्रांसफर करा लिया। इसके बाद धीरे-धीरे वह खाते से पैसे निकालने लगी। इस बात का पता कर्ण विजय को कुछ दिन पहले लगा।
एसएसआई अशोक राठौर ने बताया कि उर्वशी की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही थी। इस दौरान कई जगह दबिश भी दी गई। इसी बीच शिखा को उसके पति अमित कुमार सक्सेना निवासी सुभाषनगर रानीपुर हरिद्वार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में शिखा ने बताया कि इस मामले में उसके पति का भी सहयोग रहा है। एसएसआई राठौर के अनुसार उनके पास से पांच लाख 68 हजार रुपये, एक ब्रेशलेट, करीब दो लाख रुपये कीमत की पांच सोने की अंगूठी, चार आईफोन, एक एटीएम कार्ड और पासबुक बरामद हुई।