ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्यार में धोखा खाई एक युवती ने शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ दुराचार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
मामला नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है। शुक्रवार रात क्षेत्र निवासी एक 20 वर्षीय युवती ने विषैला पदार्थ खा लिया था। हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राजेश साह के अनुसार इस मामले में युवती की मां ने एमडीडीए कॉलोनी केदारपुरम निवासी रमित नेगी पर मुकदमा दर्ज कराया है। युवती की मां का आरोप है कि उनकी बेटी रमित नेगी से प्रेम करती थी। रमित नेगी करीब चार साल से शादी का झांसा देकर उनकी बेटी के साथ दुराचार कर रहा थी। इसी सदमे में बेटी ने अपनी जान दे दी। युवती की मां की शिकायत पर रमित के खिलाफ दुराचार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आगे की कार्रवाई रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।