ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पटेलनगर पुलिस ने प्रेम सुख धाम अस्पताल में डायलिसिस मशीन लगाने के नाम पर पौने दो लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी डॉ. तुषार लोहार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा किया कि आरोपी देशभर के कई अस्पताल संचालकों से डायलिसिस और दूसरी मशीनें लगवाने वालों से करोड़ों की ठगी कर चुका है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पटेलनगर स्थित प्रेम सुख धाम अस्पताल से जुड़े अनिल कुमार गर्ग ने जुलाई 2018 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि डॉ. तुषार लोहार ने अस्पताल में डायलिसिस मशीन लगाने के नाम पर एक लाख 78 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। इंस्पेक्टर सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि जांच के दौरान मोबाइल नंबर की आईडी फर्जी पाई गई। इसी दौरान पता चला कि आरोपी ने गोरखपुर, नागपुर और गुजरात में इसी तरह की ठगी की है। सोशल मीडिया और नेट बैंकिंग के माध्यम से तुषार का पता लग पाया। आगरा के ताजगंज में एटीएम से रकम निकालकर बाहर आते समय आरोपी डॉ. तुषार लोहार निवासी अहमदाबाद गुजरात को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को डॉ. तुषार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ठगी में 19 सिम का प्रयोग
पटेलनगर इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी डॉक्टर द्वारा 19 सिम के प्रयोग का खुलासा हुआ। इस फोन नंबर का लोकेशन अलग-अलग मिला था। काम होने के बाद आरोपी सिम तोड़कर फेंक देता था। बाद में आरोपी तमाम सिम बंद कर भूमिगत हो गया था। आरोपी को लग्जरी होटलों में रहने का शौक था।