ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
चकराता। हरिपुर-मीनस मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर टौंस नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पुलिस कांस्टेबल सहित दो लोग लापता हो गए। जबकि, दो अन्य ने किसी तरह निकलकर जान बचाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंतर्राज्यीय बैरियर मीनस में चुनाव के चलते चेक पोस्ट बनाई गई है। यहां कालसी थाने से कांस्टेबल धर्मेंद्र राठी को तैनात किया गया था, जो मीनस पाटन में कार से सब्जी ले कर लौट रहे थे। तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। इससे कार में सवार कांस्टेबल धर्मेंद्र राठी और स्थानीय निवासी बलवीर सिंह नदी में बह गए। जबकि, कार सवार रमेश निवासी अश्विन गांव और भूपेंद्र सिंह निवासी हिमाचल ने किसी तरह नदी से निकलकर जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल धर्मेंद्र राठी और ग्रामीण बलबीर का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है।