ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। मानसिक दिव्यांग महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को सहसपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को दून महिला अस्पताल से पकड़ा। मामले में नामजद दो आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
सहसपुर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि 19 मार्च को वसंत विहार निवासी पूजा बहुखंडी ने तीन लोगों के खिलाफ एक महिला से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोप है कि सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित एक पुल के नीचे रहने वाली मानसिक दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म का एक आरोपी दून महिला अस्पताल में देखा गया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने पीछा कर आरोपी सुरेश महातो पुत्र रामेश्वर निवासी ग्राम सफनी मजुआ जिला पुनिया बिहार को गिरफ्तार कर लिया।