ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
दुपहिया कारोबारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते बुधवार को दूनमार्ग स्थित एक क्लीनिक में डॉक्टर के बेटे परमिंदर प्रताप सिंह ने कारोबारी रघुवीर सिंह 47 निवासी गंगानगर, ऋषिकेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। जख्मी रघुवीर सिंह को परिजनों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था।
देर रात पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने आरोपी परमिंदर प्रताप सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी दूनमार्ग, ऋषिकेश को आशुतोषनगर से गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक कुलदीप रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल कारोबारी की हालत खतरे से बाहर है। बताया कि मामले में स्कूटी किराए पर देने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें परमिंदर ने रघुवीर पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।