नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म
ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
शहर से चार माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई किशोरी को पुलिस ने मंगलवार को एक युवक के साथ हरिद्वार से बरामद कर लिया है। पूछताछ में किशोरी ने युवक पर नौकरी का झांसा देकर ले जाने और उससे जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दर्ज अपहरण के मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराओं को भी जोड़ दिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान साबिर निवासी ग्राम गोला जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक 18 दिसंबर 2017 को शहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक किशोरी के पिता ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिलने पर पुलिस ने मुकदमे को अपहरण में तरमीम किया था। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ऋषिकेश से अगवा की गई नाबालिग लड़की हरिद्वार स्थित चंडीघाट पुल पर एक युवक के साथ खड़ी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।
उपनिरीक्षक चिंतामणि के अनुसार किशोरी ने पूछताछ में बताया कि आरोपी उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ घर ले गया था। इस दौरान उसने कई बार जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने नाबालिग की मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया।