ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर थाना पुलिस ने छापेमारी अभियान चला सभावाला रोड स्थित एक घर से अंग्रेजी शराब की 33 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस को देख शराब की सप्लाई कर रहे लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने शराब को सीज कर अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़ी गई शराब की कीमत 1 लाख रुपये आंकी जा रही है।
शुक्रवार की शाम को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सहसपुर सभावाला रोड स्थित एकांत में बने घर से अवैध रूप से शराब की सप्लाई की जा रही है। थानाध्यक्ष नरेश राठौर के नेतृत्व में पुलिस ने उक्त स्थान पर दबिश दी, जहां कुछ लोग अवैध शराब की सप्लाई में लगे हुए थे। पुलिस को देख सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए। तलाशी लेने पर मकान से 33 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि छापेमारी के दौरान मैकडोवेल्स व्हिसकी की 21 पेटी और ओल्ड मोंक रम की 12 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।