ब्यूरो/ऋषिकेश। रायवाला स्थित मोतीचूर क्षेत्र में साधु की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी ने तीन साल पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्यारोपी बाबा कोटद्वार का निवासी बताया जा रहा है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय भारती के मुताबिक बीते शनिवार को साधु नरेंद्र पुरी (45) चेला दोज पुरी निवासी कैथल, हरियाणा, हाल निवासी हरिद्वार और भोला गिरि उर्फ नीरज पुत्र कृष्ण बिहारी कंडवाल निवासी कलालघाटी, कोटद्वार की गंगा नहाने की योजना बनी। आरोपी भोला ने बताया कि वह दोनों मोतीचूर में जंगल के रास्ते से गंगा नहाने के लिए जा रहे थे।
इसी बीच उसने नरेंद्र से तीन साल पूर्व लक्ष्मणझूला में उसे पीटने का जिक्र किया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों में जंगल में ही कहासुनी हुई और भोला गिरि ने नरेंद्र पुरी को डंडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। एसएसआई ने बताया कि आरोपी भोला ने अपना जुर्म कबूल किया है। बताया कि हत्या में प्रयुक्त डंडे की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ एसआई देवेंद्र पंत की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि शनिवार को रायवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोतीचूर में आपसी कहासुनी में भोला गिरि ने साधु नरेंद्र पुरी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था।