अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
ज्वालापुर के मोहल्ला अहबाब नगर में मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। एक- दूसरे पर कांच की खाली बोतलें भी फेंकी गई। स्थिति को नियंत्रण करने में पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने दो महिलाओं समेत छह लोगों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया है। घटना बुधवार देर रात की है।
क्षेत्र की लोधामंडी की रहने वाली ताहिरा का अहबानगर में भी मकान है। महिला ने अपने जेठ के दामाद मंसूर को मकान किराये पर दिया था। लेकिन मंसूर की बजाय मकान में उसके भाई नदीम और मुसरत अपने परिवार के साथ रह रहे थे। महिला का आरोप था कि वे पिछले कई माह से किराया भी नहीं दे रहे थे और न ही मकान खाली कर रहे थे। बुधवार देर रात महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर भाइयों का सामान जबरन घर से बाहर फेंक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। खुलकर पत्थर भी एक दूसरे पर फेंके गए। कांच की खाली बोलतें भी बरसाई गई। घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस पहुंची तब भी पथराव जारी था। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों को दूर तक खदेड़ दिया। फिर दोनों पक्षों के छह लोगों को पकड़कर कोतवाली लाया गया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि ताहिरा, बेटा कौसिफ साह, भाई ताहिर, बानो, दिलशाद एवं दूसरे पक्ष के मुसरत का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया गया। बताया कि मुसरत एवं नदीम का सामान वापस रखा गया है। महिला घर खाली करने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाए, जो भी कोर्ट का आदेश होगा उसी के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।