अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्रवणनाथ नगर के चित्रा हैरिटेज होटल में हरियाणा के एक युवक ने फांसी के फंदे पर झूलकर जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक के माता- पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने रिश्तेदारों को सूचना दे दी है। मायापुर चौकी प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि चित्रा टाकीज की गली में होटल चित्रा हैरिटेज है। शनिवार दोपहर होटल प्रबंधक संतन चौहान ने पुलिस को सूचना दी कि उनके होटल में ठहरा युवक कमरा नहीं खोल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब जैसे तैसे दरवाजा खोला तो पाया कि युवक का शव तौलिये के फंदे से पंखे के सहारे झूल रहा था। चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक की पहचान होटल रजिस्टर के आधार पर हरीश मान (32) पुत्र जगदीश निवासी मोहल्ला जाटो रूरल पार्ट वन करनाल हरियाणा के रूप में हुई। वह 27 तारीख को होटल में ठहरा था। दोपहर को उसने खाना मंगाया था, लेकिन जब कई बार खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला तब प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि युवक के परिवार में कोई नहीं है। रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, रोडवेज बस स्टैंड कैंपस में बस से गिरने पर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग के सिर में गहरी चोट आई है। बुजुर्ग की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, रेलवे स्टेशन से सटे झंडा मैदान में एक भिखारी का शव मिला। चौकी प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि भिखारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।