देहरादून। एक महिला को साइबर ठगों ने विदेश से गिफ्ट भेजने के नाम पर ठग लिया। उसे कस्टम अधिकारी बनकर डराया गया और अलग-अलग खातों में करीब नौ लाख रुपये जमा करा दिए। महिला से और भी रुपयों की मांग हुई, लेकिन उन्होंने साइबर पुलिस को शिकायत कर दी। साइबर पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में साथंची गंगवानी निवासी धोरणखास ने शिकायत की है। उनका कहना है कि उनकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर किसी हैरिस नाम के व्यक्ति से हुई थी। हैरिस ने खुद को पोलैंड निवासी बताया था। दिसंबर से वह लगातार उसे कॉल कर रहा था। उसने इस बीच एक दिन कहा कि वह उसके लिए गिफ्ट भेज रहा है।
उसने मना भी किया, लेकिन अचानक एक दिन फोन आया कि उनके नाम से पार्सल एयरपोर्ट पर आया है। चूंकि, इसमें ऐसी चीजें हैं जिन्हें कस्टम से पास नहीं किया जा सकता। ऐसे में इसके लिए कुछ शुल्क आदि देने होंगे नहीं तो वह गिरफ्तार भी की जा सकती हैं। इसी तरह वह ठगों के झांसे में आ गईं और अलग-अलग खातों में आठ लाख 33 हजार रुपये जमा करा दिए।