उत्तराखंड पर्यटन निदेशालय के दो अफसर भी कोरोना संक्रमित निकले हैं। ऐसे में अराजपत्रित पर्यटन कर्मचारी संघ ने आज और कल कर्मचारियों के कार्यालय न जाने का निर्णय लिया है। संघ की ओर से इस संबंध में सचिव पर्यटन को ज्ञापन भेज कर पर्यटन निदेशालय का सैनिटाइजेशन और कर्मचारियों का रैपिड टेस्ट कराने की मांग की है।
अराजपत्रित पर्यटन कर्मचारी संघ के महासचिव हेमंत कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यटन निदेशालय में कार्यरत दो अधिकारियों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। इससे अन्य कर्मचारियों में भी संक्रमण फैलने का भय बना हुआ है। संघ ने 6 और 7 अगस्त को पर्यटन निदेशालय बंद करने का निर्णय लिया है। संघ का कहना है कि कोरोना संक्रमण की चपेट में अन्य कर्मचारी भी आ सकते हैं। इसलिए दो दिन तक कर्मचारी कार्यालय नहीं जाएंगे।
संघ का कहना है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सचिवालय स्तर पर 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए आदेश जारी किए गए हैं। लेकिन पर्यटन निदेशालय में शत प्रतिशत कर्मचारी ड्यूटी दे रहे हैं। संघ ने दो दिन कार्यालय बंद रहने के दौरान सैनिटाइजेशन कराने और सभी कर्मचारियों का रैपिड टेस्ट कराने की मांग की है।