कोविड महामारी की दूसरी लहर से सबक लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में आईसोलेशन, आईसीयू और ऑक्सीजन युक्त बेड की संख्या बढ़ाई है। अब कोरोना की तीसरी लहर इंतजाम की परीक्षा लेगी। सरकार और स्वास्थ्य महकमे के सामने सबसे बड़ी चुनौती संक्रमण रोकने की है।
कोरोना की दूसरी लहर में अस्पतालों में संक्रमितों को बेड नहीं मिल रहे थे। इससे सबक लेते हुए सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने तीसरी लहर की संभावनाओं के लिए पहले से ही तैयार कर ली थी। अस्पतालों में ऑक्सीजन और आईसीयू बेड की संख्या बढ़ाई गई। दूसरी लहर के बाद प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में 53 प्रतिशत आईसीयू बेड में वृद्धि की गई है। वहीं पीएसए ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट में 91 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई।
राज्य में कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए कुल 27186 आइसोलेशन बेड उपलब्ध हैं। इसके अलावा 13674 ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध है। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर निजी अस्पतालों में 6572 ऑक्सीजन बेड आरक्षित किए गए हैं। राज्य में कुल 2113 आईसीयू बेड, 1451 वेंटिलेटर उपलब्ध है। प्रदेश में कुल 22420 ऑक्सीजन सिलिंडर, 9828 ऑक्सीजन कंसनट्रेटर, 71 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट कार्यशील है। इसके अलावा 17 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा का कहना है कि कोरोना संक्रमण को लेकर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। अस्पतालों में संक्रमितों के इलाज के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन युक्त, बेड, आईसीयू और आइसोलेशन बेड की व्यवस्था की गई है। सभी जिलों के सीएमओ को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को संचालित अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से गठित राज्य स्तरीय टीम को निगरानी के लिए जिलों में भेजा जा रहा है।
घबराएं नहीं, पर बेहद सतर्क रहें
कोरोना के मामले देहरादून जिले में लगातार तेजी बढ़ रहे हैं। इसी के साथ अस्पताल में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इनमें अधिकांश मरीज गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती है। दून अस्पताल में 17 कोरोना के मरीज भर्ती हो गए हैं। जिनमें से 12 मरीज आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे में कोरोना या नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर घबराएं नहीं, लेकिन इससे बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
कोरोना की तीसरी लहर: आयोग ने खींची लक्ष्मण रेखा, कहा- चुनाव प्रचार का बदलो तरीका, जारी की नई गाइडलाइन
कोरोना के स्टेट कॉर्डिनेटर एवं राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि अभी तक जो बात सामने आ रही थी कि कोरोना के नए वैरिएंट में मरीजों को अस्पताल की जरूरत नहीं पड़ रही है, लेकिन अब लगातार अस्पताल में मरीजों का आना और भर्ती होना शुरू हो गया है। इसे लेकर अलर्ट रहना होगा।
कोरोना मरीजों के लिए नया डाइट चार्ट जारी
कोरोना मरीजों के बढ़ते हुए दून अस्पताल में मरीजों के लिए नया डाइट चार्ट जारी कर दिया है। उन्हें दूध, अंडे, संतरे, प्रोटीन डाइट आदि दी जाएगी। इसके लिए एमएस ने कैंटीन संचालक को निर्देशित कर दिया है। वहीं, डिस्पोजल बर्तनों में उन्हें खाना दिया जाएगा। मरीजों के बढ़ने के साथ ही इमरजेंसी और पीआरओ कार्यालय में सक्रियता बढ़ाई गई है। कोरोना वार्डों, आईसीयू में ऑक्सीजन के लिए मॉक ड्रिल की गई। प्लांट से ऑक्सीजन की सप्लाई, प्रेशर एवं नोजल चेक किए गए। दावा किया गया कि सब कुछ दुरुस्त मिला है।