कोरोना टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ी तो जनपद में टीका लगवाने वालों का आंकड़ा भी सात लाख के पार पहुंच गया। जुलाई में ही एक लाख 37 हजार लोगों का टीकाकरण किया गया।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से तेजी के साथ टीकाकरण किया जा रहा है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत टीकाकरण का दावा कर रहे हैं।
उधर, लोगों में जागरूकता आने से वह भी बड़ी संख्या में केंद्रों पर टीकाकरण केे लिए पहुंच रहे हैं। लोगों की भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि टीका कम पड़ रहा है। कई जगह डोज खत्म होने से दोबारा से मंगानी पड़ रही है।
16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण की रफ्तार धीमी होने से छह महीने 20 दिन में यानी 30 जून तक 5 लाख 50 हजार 694 लोगों को ही टीका लग पाया था। मगर जुलाई माह में बड़ी मात्रा में टीकाकरण होने से 31 जुलाई तक 6 लाख 87 हजार 766 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। एक जुलाई से पांच अगस्त तक की अवधि में 1 लाख 69 हजार 536 लोगों को टीके लगाए गए। अब पांच अगस्त तक जनपद में 7 लाख 20 हजार 230 लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है।
एसीएमओ डॉ. अजय कुमार का कहना है कि लोगों में टीकाकरण कराने को काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी पर्याप्त मात्रा में टीकाकरण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में टीकाकरण में और तेजी आएगी।
नई टिहरी जिला प्रशासन ने वीकेंड पर आने वाले पर्यटकों के लिए एसओपी जारी कर दी है। इसके अनुसार यदि किसी पर्यटक ने वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाई है तो उसे निगेटिव कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने पर्यटन स्थलों पर कोविड नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि कैंपटीफॉल से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित चेक पोस्ट पर पर्यटकों की जांच की जाएगी। कोविड वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगी होने पर आरटीपीसीआर, ट्रू-नॉट, सीबी-नॉट, रैट निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर पर्यटकों को आगे जाने की अनुमति होगी।
वाटर पूल में एक समय में 50 लोग ही 25 मिनट तक रह सकेंगे। वहीं, काणाताल, धनोल्टी, तपोवन, मुनिकीरेती, ढालवाला, शिवपुरी में होटलों में वही पर्यटक ठहर सकेंगे जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज लगवाई है या उनके पास 72 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट हो।
वहीं, कोटी कालोनी में भी बोट संचालकों को कोरोना जांच कराने को कहा गया है। डीएम ने बताया कि जिले के सभी 10 चेक पोस्ट पर बाहर से आने वालों की नियमित चेकिंग कराई जा रही है।