बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे पारले चौक के पास अजय के कंटेनर के साथ अन्य कंटेनर भी मैजिक वाहन लेने के लिए कतार में खड़े थे। इसी बीच, कंपनी में पहले अंदर जाने को लेकर अजय और अन्य कंटेनर चालक, क्लीनर में झड़प के बाद लाठी-डंडे चल गए। हंगामा बढ़ने पर अन्य चालक भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया।
इसके बाद देर रात दोनों चालकों में फिर मारपीट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर के अज्ञात चालक और उसके क्लीनर ने अजय को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। क्लीनर इतना आक्रामक हो गया था कि उसने बीचबचाव के लिए आए अन्य चालकों से भी भिड़ना शुरू कर दिया। अन्य चालकों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आखिर में क्लीनर ने अजय के सिर पर कई बार लोहे की रॉड से हमले किए, जिसमें अजय की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अजय के शव को सड़क किनारे फेंककर मय वाहन फरार हो गए।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा। हत्यारों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गईं हैं। फोरेंसिक टीम के सब इंस्पेक्टर संजय जोशी, दीपक चौहान, मनीष बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी, खून के सैंपल लिए। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार देर शाम हत्यारोपियों को पकड़ लिया गया है। शनिवार सुबह मामले का खुलासा किया जा सकता है।