झूठे वादे करना ही मोदी की गारंटी
खरगे ने कहा, जगह-जगह मोदी की गारंटी के नारे लगाए जा रहे हैं। काला धन लाकर 15 लाख खाते में देने, दो करोड़ नौकरियां, किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज तक लोगों को न तो 15 लाख रुपये मिले और न ही नौकरियां मिलीं। यही मोदी की गारंटी है। यूजीसी अधिसूचना जारी कर विवि में आरक्षण खत्म करने जा रही है। इससे मोदी की मैरिट में आने वाले को ही नौकरी मिलेगी। रेलवे, केंद्रीय स्कूलों में शिक्षकों के 30 लाख पद खाली हैं, लेकिन इन पदों पर नौकरियां नहीं दी जा रही है। सिर्फ फोटो खींचने के लिए भर्तियां की जा रही है।
कांग्रेस न तो डरने वाली और न ही भागने वाली
खरगे ने कहा, राहुल गांधी ने मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू की। असम में रैली को रोकने के लिए पत्थरबाजी व पोस्टर फाड़ने की घटनाएं की गई। इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है और न ही भागने वाली। कांग्रेस देश के लिए जान देने वाली पार्टी है। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी व राजीव गांधी ने देश को एक रखने के लिए जान दी। देश की आजादी के लिए जवाहर लाल नेहरु, महात्मा गांधी जेल में रहे। सवाल किया, आजादी की सीख देने वाली भाजपा के कितने लोग जेल गए। भाजपा के लोग सिर्फ संपत्ति जुटा रहे हैं।
क्या हम झाड़ू लगाने के लिए हैं
कहा, भाजपा बोल रही देश की रक्षा के लिए मोदी हैं। क्या हम झाड़ू लगाने के लिए हैं। आजादी कांग्रेस की वजह से मिली है। महिलाओं को वोट का अधिकार कांग्रेस ने दिलाया। आज भाजपा हमें देशभक्ति, आजादी की सीख दे रही है।