बाहरी नहीं, स्थानीय उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी कांग्रेस
चंपावत उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस अपने प्रत्याशी के चयन के लिए माथापच्ची में लगी है। जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत का कहना है कि पार्टी आज तक उम्मीदवार के नाम का एलान कर देगी। पार्टी इस उपचुनाव को हल्के में नहीं लेगी, बल्कि भाजपा के दावे और हकीकत को लोगों के सामने रखेगी। हालांकि पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी बाहरी प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारेगी। जिन तीन नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें एक महिला भी है।
ये भी पढ़ें..काम की खबर: फर्जी ट्रेवल एजेंटों से रहें सावधान, बुकिंग राशि लेकर हो जाते हैं रफूचक्कर, ठगी से ऐसे बचें चारधाम यात्री
चंपावत से आम आदमी पार्टी में होगा नया चेहरा
कांग्रेस की तरह ही आम आदमी पार्टी से भी चंपावत उपचुनाव में नया चेहरा मैदान में होगा। इस साल विधानसभा के आम चुनाव में चंपावत सीट से आप के प्रत्याशी रहे एडवोकेट मदन सिंह महर उपचुनाव में मैदान में उतरने के इच्छुक नहीं है। अलबत्ता पार्टी का कहना है कि वह चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रदेश प्रवक्ता संगीता शर्मा का कहना है कि प्रत्याशी के चयन के लिए प्रदेश प्रभारी दीपक बाली की अध्यक्षता में काशीपुर में छह मई को बैठक होगी।