पिछले साल से दोगुने यात्री पहुंचे
चारधाम यात्रा पूरे चरम पर चल रही है। सीएस ने कहा, इस बार बहुत ज्यादा संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में अबकी बार दोगुने श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
भारी भीड़ जुटी, मगर कहीं भी भगदड़ नहीं
मुख्य सचिव ने कहा, चारोंधामों में भीड़ बहुत अधिक है, लेकिन कहीं भी भगदड़ नहीं मची है। मंदिरों में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराए जा रहे हैं। ऐसे में कोई गलत वीडियो बनाकर उसे प्रसारित करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जो लोग रील बनाकर गलत संदेश दे रहे हैं, उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे यह भी पता चल रहा कि ऐसे लोग आस्था से नहीं जा रहे हैं। केवल घूमने के लिए आ रहे हैं। ऐसे लोग उन श्रद्धालुओं को परेशान न करें जो श्रद्धा भाव से मंदिर में पूजा करने आ रहे हैं।
गैर पंजीकृत वाहन नहीं आने देंगे
मुख्य सचिव ने सभी प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा, वे अपने प्रदेश में इस प्रकार का प्रचार करें कि कोई भी श्रद्धालु गैर पंजीकृत वाहन से न आए। चेकपोस्ट पर बहुत सख्त चेकिंग की जाएगी। जो भी यात्री बिना रजिस्टर्ड वाहन में आएंगे, उन्हें आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
सीएस ने ये भी कहा
- यात्रा पड़ाव में पेयजल, शौचालय और भोजन की अच्छी व्यवस्था हो।
- सभी पड़ावों पर एसडीएम, टूरिज्म और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें तैनात।
- गलत ट्रिप कार्ड बनाते पकड़े जाने पर परिवहन विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।
- यात्री रजिस्ट्रेशन के दौरान अपना स्वास्थ्य की जानकारी अवश्य अपलोड करें।
- स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर तत्काल डॉक्टरों से जांच कराएं।
हमारी पहली प्राथमिकता चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा है। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन के अनुसार उन्हें जो तिथि मिली है, उसके अनुसार ही दर्शन के लिए आएं। सभी श्रद्धालु स्वास्थ्य परीक्षण और मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही चारधाम यात्रा पर आएं। चारधाम यात्रा सुरक्षित हो और सभी श्रद्धालु भी स्वस्थ और सुरक्षित हों, यात्रा की यह सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री