प्रदेश में चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश न पर मंगलवार को अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चारधाम यात्रा से जुड़े विभागों की बैठक ली। उन्होंने यात्रा की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए वन फोन नंबर, वन बुकिंग और वन आधार को अपनाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को स्मार्ट सिटी एवं देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा रहा है। पंजीकरण कराने के लिए अभिलेख और शर्तें दोनों पोर्टलों में एक समान हैं। यात्रियों की सुविधा के तहत देवस्थानम बोर्ड के ई-पास होल्डर को स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर पंजीकरण की बाध्यता को एसओपी से हटाने पर विचार किया जाए।
देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट खोलने में उत्पन्न हो रही समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। धामों के चेक प्वाइंट पर ई-पास की चेकिंग के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाए। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल पर यात्रियों के पंजीकरण के लिए वन फोन नंबर, वन बुकिंग और वन आधार की व्यवस्था की जाए। चारों धामों में सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मंदिर खुलने के निर्धारित समय के तहत धाम एवं मंदिर परिसर की वास्तविक क्षमता का आंकलन वीडियोग्राफी सहित शासन को उपलब्ध कराई जाए। उच्च न्यायालय में अंतरिम याचिका दायर करते हुए तत्काल यात्रियों की प्रतिदिन दर्शन की अनुमन्य संख्या को बढ़ाने का अनुरोध किया जाए।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ई-पास को निर्गत करने और चेकिंग व्यवस्था को सरल किया जाए, जिससे तीर्थ यात्रियों को ई-पास के लिए पंजीकरण कराने में किसी तरह की असुविधा न हो। बैठक में बताया गया कि निर्धारित यात्रियों के सापेक्ष पूर्व से पंजीकृत यात्रियों में से अपेक्षाकृत कम यात्री चार धामों में दर्शन आ रहे हैं। इस स्थिति में संबंधित जिलाधिकारियों की ओर से उक्त यात्रियों के स्थान पर अन्य पंजीकृत यात्रियों को दर्शन की अनुमति दी जा सकती है। बैठक में चारधाम देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि चार धाम यात्रा पंजीकरण एवं ई-पास देवस्थानम् बोर्ड की वेबसाइट से निर्गत किए जा रहे हैं। वेबसाइट पर तक चारधाम यात्रा के लिए यात्रियों द्वारा पंजीकरण करा लिया गया। चारों धाम में पूजा सुबह चार बजे से शाम सात बजे तक संचालित की जा रही है। बैठक में चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों के आलाअधिकारी और चारों धाम से जुड़े जिलों के जिलाधिकारी शामिल हुए।