अधिकारियों के अनुसार भीड़ बढ़ने और जाम की स्थिति में दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को बगैर चेकिंग के रास्ता देना पड़ता है। आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए जितने भी चेकपोस्ट हैं, वहां उपनल के जरिये होमगार्डों की तैनाती को लेकर परिवहन मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। होमगार्ड मिलने पर उन्हें चेकपोस्टों पर तैनात कर दिया जाएगा। साथ ही चेकपोस्टों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की कमी को भी दूर करने की कोशिश की जा रही है।
चारधाम में दर्शन करने वालों की संख्या एक लाख पार
देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि 18 सितंबर से चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। अब तक चारों धामों में दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या एक लाख पार हो चुकी है।
ई-पास की व्यवस्था समाप्त होने से चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बस टर्मिनल ऋषिकेश में निशुल्क कोविड जांच केंद्र स्थापित किया गया है।