विश्व के विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार ब्रायन लारा ने एसीए ग्राउंड में अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला दी। 69 रन की आतिशी पारी में लारा ने मैदान हर कोने में शॉट खेले।
खासकर उनके कवर ड्राइव और हवाई शॉटों में बृहस्पतिवार को भी पुरानी जैसा अंदाज नजर आया।अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में लारा दून स्कूल और आईएमए की टीम में शामिल थे।
पढें, सचिन पर संन्यास के लिए न डालें दबावः लारा
पहले गेंदबाजी का फैसला
एसीए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मैच के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर लारा स्ट्राइक पर आए, तो दर्शकों ने तालियों के साथ उनका अभिवादन किया। लारा ने भी सन्नी राणा की इस गेंद पर ही चौका लगाकर अभिवादन का खूबसूरत जवाब दिया।
अगले ओवर में ही लारा ने लॉंग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाकर रोमांच लाना शुरू किया। मैच के छठे ओवर में माजिद की पहली तीन गेंदों में लारा ने तीन चौके लगाए। अगली दो गेंदों में छक्के लगाने के बाद अंतिम गेंद में चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
पढें, केदारनाथ हादसे से नम हुई 'लारा' की आंखे
बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार
अर्धशतक लगाने के बाद लारा ने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन भी स्वीकार किया। लारा को देखकर उनके जोड़ी कबीर सेठी ने भी आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन लारा ने उनको धैर्य के साथ खेलने की सलाह दी।
सभी गेंदबाजों के लारा के खिलाफ असफल होने के बाद एसीए के कप्तान ने पार्ट टाइम ऑफ ब्रेक गेंदबाज कुनाल चंदेला के हाथ में गेंद सौंपी। कुनाल की शुरुआती तीन गेंदों में लारा लंबे हवाई शॉट खेलने के प्रयास किए। दूसरी गेंद पर लॉग ऑन पर उनका कैच भी ड्रॉप हुआ।
पढें, ब्रायन लारा को भा गया दून का बटर चिकन
31 गेंदों में 69 रन बनाए
ओवर की चौथी गेंद पर लारा ने एक्ट्रा कवर के ऊपर से ऊंचा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन अंजल ने शानदार कैच पकड़कर लारा की पारी का अंत कर दिया। लारा ने 31 गेंदों में 69 रन बनाए। इसके बाद निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 143 रन बनाए। जवाब में एसीए ने 14वें ओवर में ही 3 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।
एसीए के लिए कुनाल ने 17 गेंद में 63 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि प्रशांत कोचर ने 34 रन बनाए। समापन समारोह में खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने मैच में शामिल खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर डा. राकेश कालरा, डा. हरीश कोली, डा. मयंक जैन, डा. गुलशन मल्होत्रा, डा. सुनील जैन, एसीए के मालिक ईश्वरन आदि उपस्थित थे।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...