अनियंत्रित सरकारी बस कार को टक्कर मारने के बाद चाहरदीवारी तोड़ते हुए सेना के क्षेत्र में घुस गई। हादसे के दौरान किसी को चोट नहीं आई, लेकिन भीड़ ने चालक की जमकर धुनाई शुरू की तो उसने किसी तरह भागकर जान बचाई।
घटना 28 जून सुबह की है, जब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस का चालक तेज गति से रुड़की की ओर से आ रहा था। बताया कि डबल फाटक के पास अनियंत्रित बस चालक ने सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के चक्कर में एक कार को टक्कर मार दी।
जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में चालक ने सेना की चाहरदीवारी में जाकर टक्कर मार दी। जिससे बस सेना के एरिया में जा घुस गई। यहां बस में सवार यात्रियों एवं घटनास्थल पर मौजूद भीड़ ने चालक को पकड़ लिया।
भीड़ ने चालक की जमकर धुनाई की। किसी तरह चालक ने अपनी जान बचाई। घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।