वही हुआ, जिसका डर था। बारिश की झड़ी के बीच धामावाला में दुर्गा मंदिर वाली सड़क पर शुक्रवार को एक गिरासू भवन भरभराकर ढह गया। अच्छी बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
हालांकि मलबे की चपेट में आकर तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से मलबा हटाया और मलबे में दबे वाहनों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शी ने जो देखा
प्रत्यक्षदर्शी कुर्बान ने बताया कि वे जिस समय यहां से गुजर रहे थे मकान का प्लास्टर गिर रहा था, इससे पहले की वे कुछ समझ पाते, तभी एक मंजिला मकान का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि वह उसकी चपेट में नहीं आए।
खेमचंद ने बताया कि वह अपनी बजाज पल्सर बाइक को मकान के नीचे खड़ी करने के बाद कुछ काम से गए थे। तभी मकान गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी। मलबे में उनकी बाइक समेत दो अन्य वाहन भी दब गए।