मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद भगवानपुर में जन आशीर्वाद रैली निकाली। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग चार साल से विलुप्त थे। अब चुनाव आ गया है तो जनता को बहकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब जानती है कि कौन विकास कर रहा है और कौन राजनीति। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास योजनाओं की भी घोषणा की।
सोमवार को भगवानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री का देहरादून हाईवे पर भाजपा नेता राजकुमार कसाना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री संत रविदास मंदिर पहुंचे और पूजा की। यहां सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा की विकास योजनाएं गिनाईं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के सपने को पूरा कर रहे हैं। उसमें स्वच्छता अभियान से लेकर जनकल्याण के लिए संचालित की जा रहीं तमाम योजनाएं शामिल हैं। बेघरों को छत देने, महिलाओं को चूल्हे से निजात दिलाने, बालिकाओं को शिक्षा दिलाने के लिए तमाम योजनाएं लागू की गई हैं। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोला। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि क्षेत्र में घूमकर जनता को बरगला रहे लोगों से पूछा जाना चाहिए कि वे चार साल से कहां लापता थे।
अब सरकार पर दोष मढ़ रहे हैं और जनता को जातियों में बांटकर राजनीति कर रहे हैं। भाजपा ने बिना किसी जातिगत भेदभाव के हमेशा विकास पर फोकस किया है। भाजपा की रीति और नीति राष्ट्र के विकास में योगदान के लिए समर्पित है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा ने जिले में हर क्षेत्र और हर वर्ग के लिए विकास किया है। गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछाया गया है। पिछले चार वर्षों में कार्यकर्ताओं के रूप में पार्टी का कुनबा तेजी से बढ़ रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखेगा और भाजपा पहले से ज्यादा सीटें लेकर सरकार बनाएगी। इस मौके पर निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता सुबोध राकेश, जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, विधायक देशराज कर्णवाल, विधायक संजय गुप्ता, विधायक प्रदीप बत्रा, जोनी कसेरिया, पवन त्यागी, सुरेंद्र वर्मा, जगदीश सैनी, नेकी राम, रोहित कुमार, साजिद अली आदि मौजूद रहे।
जन आशीर्वाद रैली में निकला वाहनों का रेला
मुख्यमंत्री ने संत रविदास मंदिर से चुड़ियाला चौक तक जन आशीर्वाद रैली निकाली। इस दौरान झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल भी सैकड़ों समर्थकों के साथ बाइक लेकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री का काफिला मेन बाजार से होकर निकला। जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया। चुड़ियाला चौक पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीएमडी इंटर कॉलेज में बनाए गए हेलीपैड से देहरादून रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने कीं ये घोषणाएं
भगवानपुर में जन आशीर्वाद रैली निकालने से पूर्व संत रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने भगवानपुर क्षेत्र के डाडा पट्टी से झीवरहेड़ी तक करीब पांच किमी मार्ग का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण, खेलड़ी से सिकरौढ़ा तक करीब पांच किमी सड़क का निर्माण, चुड़ियाला में टूटी सड़क का निर्माण, नेशनल हाईवे के अधूरे कार्यों को पूरा कराने, हाईवे चौड़ीकरण में अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा जल्द दिलाने, नगर पंचायत क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने, औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने की घोषणाएं कीं।
अनुसूचित जाति को साधने की कोशिश
भगवानपुर विधानसभा सीट आरक्षित है। यह क्षेत्र एससी और मुस्लिम बाहुल्य माना जाता है। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बाबा भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों का जिक्र किया। उन्होंने लोगों का मिजाज पढ़ने के साथ ही जातिगत समीकरणों को भी साधा। हालांकि, उनकी अपील का कितना असर होगा, यह आने वाले समय में अन्य चुनावी रैलियों में लोगों के रुख से ही तय होगा।