रुड़की के लक्सर में खेत में चारा लेने गई मां-बेटी के साथ गांव के ही दो लोगों ने बलात्कार का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों को पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया गया।
सीओ के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है। दोनों आरोपी बाप-बेटे बताए गए हैं। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपनी पुत्री के साथ पांच दिन पहले खेत में चारा लेने गई थी।
आरोप है कि वहां मौजूद दो लोगों ने मां-बेटी के साथ बलात्कार का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों को डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया और धमकी देकर फरार हो गए। घर आकर उन्होंने परिवारवालों को घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
गुरुवार को लक्सर पहुंचकर पीड़ित मां-बेटी और परिजनों ने सीओ लोकजीत सिंह को जानकारी दी। सीओ के हस्तक्षेप के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बलात्कार के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।