उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का दूसरा सत्र सात जून से गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा में होगा। विधायी एवं संसदीय विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। सत्र आहूत करने के संबंध में विधानसभा के सचिव को भी सूचित कर दिया गया है।
पहले विधानसभा सत्र में सरकार वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही के लिए लेखानुदान लेकर आई थी। शेष महीनों के लिए सरकार को बजट पारित कराना है। पहले जून महीने के दूसरे हफ्ते में सत्र आहूत करने की संभावनाएं जताई जा रही थी। इसकी एक वजह प्रदेश में राज्य सभा की एक सीट के लिए चुनाव माना जा रहा था। यह चुनाव 10 जून को होना है।
इस बीच शासन ने भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सत्र आहूत करने का आदेश जारी कर दिया। विधानसभा सचिव को भेजे पत्र में अपर सचिव महेश चंद्र कौशिवा ने लिखा कि शासन ने पांचवीं विधानसभा का दूसरा सत्र सात जून से गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में करने का निर्णय लिया है। सचिव को सत्र आहूत करने के संबंध में आगे की कार्यवाही करने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें...दो साल बाद फैसला: बेटी के लगाए कलंक से पिता को मिली आजादी, दोस्त को बचाने के लिए रिश्ते को कर दिया था शर्मसार
विधानसभा सत्र की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बजट सत्र गैरसैंण में ही होगा। अभी आधिकारिक रूप से अभी हमें सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
- ऋतु खंडूड़ी भूषण, विधानसभा अध्यक्ष