इंटर जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंट्रल जोन के कप्तान आर्यन जुयाल ने वेस्ट जोन के खिलाफ 120 रनों की कप्तानी पारी खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आर्यन ने 10 रनों पर तीन विकेट खोकर संघर्ष कर रही टीम को प्रभनोर सिंह 61 के साथ पारी को संभाला।
दोनों के आउट होते ही चंचल राठौर 39 और सागर सोलंकी ने मोर्चा संभाला। टीम को जीतने के लिए 105 गेंदों पर 109 रन चाहिए थे तभी बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। मैच रद होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। सेंट्रल जोन का अगला मैच पांच जून को ईस्ट जोन से होगा।
कर्नाटक के बेलग्राम स्टेडियम में शुक्रवार को 90 ओवरों में 352 रनों का पीछा करने उतरी सेंट्रल जोन की शुरुआत बेहद खराब रही। स्कोर बोर्ड पर एक ही रन जुड़ा था कि दोनों सलामी बल्लेबाज प्रेरित अग्रवाल एक रन और सन्नी पटेल शून्य पर चलते बने। तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान आर्यन जुयाल ने आर्यन शर्मा के साथ पारी को संवारना शुरू किया, तभी आर्यन शर्मा बोल्ड हो गए। इसके बाद आर्यन ने पिछले मैच में 60 रनों की पारी खेलने वाले प्रभनोर के साथ पारी को संवारा और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
प्रभनोर ने पूरा किया अर्धशतक
इसी बीच आर्यन ने अपना शतक और प्रभनोर सिंह ने अर्द्धशतक पूरा किया। मैच जब पूरी तरह सेंट्रल जोन की पकड़ आने लगा, तभी प्रभनोर एक कमजोर शॉट खेलकर 61 रनों के स्कोर पर बाउंड्री पर कैच हो गए। लेकिन आर्यन ने चंचल राठौर के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना जारी रखा। इसी बीच कवर के ऊपर से खेलने के चक्कर में आर्यन 120 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर कैच आउट हो गए। टीम का स्कोर पांच विकेट पर 243 रन था तभी बारिश आ गई। बारिश नहीं रुकने पर रेफरी ने मैच रद़्द कर दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया।
टॉस जीतकर पहले की फील्डिंग
इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंट्रल जोन के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। वेस्ट जोन ने ओम भोसले 109, दिव्यांस सक्सेना के 71 रनों की मदद से 90 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाए। सेंट्रल जोन को मैच के आठवें ओवर में कप्तान आर्यन जुयाल के घायल होने से तगड़ा झटका लगा। आर्यन पूरी पारी में फील्डिंग नहीं कर सके। घायल होने से वह ओपनिंग करने भी नहीं उतरे।