पंजाब के संगरूर में आयोजित हुई तीन दिवसीय 19वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण समेत कुल आठ पदक अपने नाम किए। अंकिता ध्यानी, अनु कुमार, परमजीत बिष्ट, रेशमा पटेल ने कीनिया में होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई किया है।
एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि सोमवार को 800 मीटर दौड़ में अनु कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए स्वर्ण पदक कब्जाया। अनु ने 1.51.34 मिनट में दौड़ खत्म की। हरिद्वार निवासी अनु इससे पहले भी कई स्पर्द्धाओं में पदक जीत चुके हैं। दूसरे स्थान पर रहे मध्य प्रदेश के श्याम मिलन बिंद ने 1.52.58 मिनट के साथ रजत और हरियाणा के अनुज ने 1.52.67 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता। जूनियर बालिका वर्ग की 10 हजार मीटर वॉक में उत्तराखंड की रेशमा पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। रेशमा ने 51.11.51 मिनट में वॉक पूरी की। इसी स्पर्धा में पंजाब की बलजीत बाजवा ने 49.50.71 मिनट का समय लेकर स्वर्ण और हरियाणा की रचना ने 52.34.50 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता। उत्तराखंड की मानसी नेगी छठवें स्थान पर रहीं।
कलसी ने बताया कि अंकिता ध्यानी ने पांच हजार, अनु कुमार ने आठ सौ मीटर, परमजीत बिष्ट ने 10 हजार मीटर वॉक और रेशमा पटेल ने 10 हजार मीटर वॉक में जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है। यह चैंपियनशिप 17 से 25 अगस्त तक कीनिया में आयोजित होगी। हालांकि, प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला एएफआई और सरकार लेगी।
अनु कुमार।- फोटो : DEHRADUN