एक अप्रैल से उत्तराखंड में एंबुलेंस सेवा सस्ती हो जाएगी, जबकि एक लाख रुपये से अधिक फी चार्ज करने वाले कलाकार को बुलाकर कार्यक्रम कराना महंगा हो जाएगा। दरअसल, आम बजट के कई प्रावधान इस दिन से लागू हो रहे हैं, लिहाजा कई सेवाएं सस्ती, महंगी होंगी।
केंद्रीय उत्पाद, सीमा शुल्क एवं सेवा कर अधीक्षक तापस चक्रवर्ती के अनुसार पहले एंबुलेंस के मरीज को घर से अस्पताल ले जाने तक का मूवमेंट कर मुक्त था, लेकिन अब इसका घर से अस्पताल और वहां से अन्य अस्पतालों का मूवमेंट भी कर के दायरे से बाहर कर दिया गया है।
कार्यक्रमों पर लगेगा सर्विस टैक्स
इसके अलावा एक अप्रैल से ही ऐसे कार्यक्रमों पर सर्विस टैक्स लगेगा, जिनमें कलाकार को बतौर फीस एक लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया जा रहा है। इसी दिन से ऐसे समारोह भी सर्विस टैक्स के दायरे में आ जाएंगे, जिनमें टिकट की दर 500 रुपये से रखी गई हो।
इसके अलावा चिड़ियाघर, नेशनल पार्क घूमने जाने वाले पर्यटकों को एक अप्रैल से सहूलियत हो जाएगी। इसे भी करमुक्त किया गया है। यह व्यवस्था भी एक अप्रैल से ही लागू होगी।