दून में बनेगा आउटर रिंग रोड
दून से दिल्ली के बीच की दूरी ढाई घंटे की होने के बाद शहर में यातायात का दबाव बढ़ेगा। सीएम धामी ने कहा कि सरकार इसके प्रति गंभीर है। इसके लिए हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से वार्ता हुई है। उन्होंने बताया कि देहरादून में रिंग रोड बनाया जाएगा। ताकि हरिद्वार से आकर मसूरी जाने वाले, पौंटा साहिब से आकर हरिद्वार जाने वाले लोगों को शहर में न आना पड़े। इसके बजाए वह सीधे आगे जा सकेंगे।
सीएम की अपील, एक पौधा जरूर लगाएं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला पर्व पर एक दिन में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। लगातार प्रदेशभर में पौधरोपण चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एक पेड़ मां के नाम के तहत उन्होंने अपनी मां के नाम पेड़ लगाया, जबकि मेरी मां ने अपनी मां के नाम से पौधरोपण किया है। उन्होंने अमर उजाला संवाद के मंच से प्रदेशवासियों से अपील की कि चाहे मौका जो भी हो, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पौधा जरूर लगाएं।
नकल कानून ने आम घर तक पहुंचाई सरकारी नौकरी
सीएम धामी ने कहा कि जब राज्य के युवा पेपर लीक की वजह से हताश थे। उनका मनोबल टूटा हुआ था। लगातार मेहनत के बाद भी उनके हिस्से की सरकारी नौकरी नकल माफिया के लोग ले जा रहे थे। ऐसे समय में हमने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया। आज इस कानून की जरूरत पूरे देश में महसूस की गई है। 100 से ज्यादा माफिया सलाखों के पीछे गए। कानून आने के बाद निर्विवाद 10 हजार से ज्यादा भर्तियां हो चुकी हैं। आज आम घर के बच्चे भी अपनी मेधा के दम पर सरकारी नौकरी में आ रहे हैं।
सरकारी जमीनों पर कब्जा नहीं चलेगा
प्रदेश में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कानून बनाने वाले सीएम धामी ने कहा कि कुछ लोग इसे वर्ग विशेष को लक्ष्य कर बनाया गया कानून कहते हैं, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी आपस में मिलजुलकर रहते हैं। सरकारी जमीन पर जो भी कब्जा करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कहा, सरकारी जमीन पर कब्जे को कोई भी व्यक्ति जायज नहीं मानेगा।
देश के पहले गांव के रूप में वाइब्रेंट विलेज ने खींचा ध्यान
सीएम धामी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना का राज्य को काफी लाभ मिलेगा। पहले जिन गांवों को भारत का अंतिम गांव माना जाता था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माणा से ऐसे गांवों को पहले गांवों की संज्ञा दी थी। इन गांवों का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आदि कैलास आने के बाद वहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।