अग्निपथ योजना के विरोध में कुछ संगठनों और युवाओं ने सोमवार को प्रदर्शन का एलान किया है। इस दौरान शहर में कोई उपद्रव न हो, इसके लिए पुलिस ने व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली हैं। डीआईजी ने सभी सीओ, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह प्रदर्शनों पर पैनी नजर रखें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस कप्तान डीआईजी जन्मेजय खंडूड़ी ने बताया कि किसी को भी कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद को दस जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर जोन में संबंधित क्षेत्राधिकारी और सेक्टर में संबंधित थाना प्रभारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात ररेगी। सभी जोन और सेक्टर प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण संस्थानों आदि जगहों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। जनपद के संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी को नियुक्त किया गया है।