लोगों की सुविधा के लिए राजधानी देहरादून के नगर निगम में सोमवार से आधार कार्ड शिविर शुरू हो गया। इसमें सभी साठ वार्ड के लोग आकर आधार कार्ड बनवा सकते हैं। पहले दिन पांच सौ से ज्यादा लोगों ने कार्ड बनवाया। हालांकि एनजीओ की ओर से विभिन्न वार्डों में लगने वाले शिविर भी चलते रहेंगे। वहीं पार्षदों का कहना है कि हर वार्ड में कैंप लगाए जाएं।
आधार कार्ड अनिवार्य
तमाम शिकायतों और गड़बड़ियों के बाद आखिरकार नगर निगम ने सोमवार से आधार कार्ड की जिम्मेदारी अपने सिर ले ली। हालांकि सरकार ने गैस कनेक्शन और बैंक में खाता खुलवाने के लिए अब आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। इसलिए सोमवार को बोर्ड कक्ष में कैंप के दौरान चार मशीनें लगाई गईं।
दोपहर दो बजे तक कार्ड बनाने वालों की संख्या 300 पार कर गई। लाइन लंबी होने पर मेयर विनोद चमोली ने मंगलवार से चार और बायोमेट्रिक्स मशीन लगाने का आदेश दिया।
हालांकि प्रचार-प्रसार नहीं होने से पहले दिन अपेक्षाकृत कम ही लोग पहुंचे। कैंप प्रभारी दीपक बल्लभ ने बताया कि मंगलवार से आठ मशीनें से जल्दी काम होगा। मेयर विनोद चमोली ने बताया कि सुविधा के लिए मशीन बढ़ाई गई है। असुविधा न हो, इसके लिए लोग अपने पार्षदों से जरूर पूछ लें कि क्या दस्तावेज लाने हैं।
महीने बीते, नहीं आया कार्ड
शहर में कई क्षेत्रों में महीने बीतने के बावजूद कार्ड आज तक नहीं पहुंचा। ऐसे वार्डों के पार्षद खासे नाराज हैं। उन्होंने डीएम से मिलकर आंदोलन की चेतावनी दी है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र पार्षद सतीश कश्यप ने बताया कि उनके वार्ड में सितंबर में कैंप लगा था। तकरीबन दस हजार लोगों ने फार्म भरे और बायोमेट्रिक निशान भी दिया। लेकिन आज तक उनका न आनलाइन मैसेज आया, न आधार कार्ड। पोस्ट ऑफिस में कार्ड से भरे कट्टे सड़ रहे हैं, लेकिन कोई उन्हें बांट नहीं रहा।