पिछले दिनों हल्द्वानी में मुख्यमंत्री हरीश रावत के वाहन पर हमले के बाद हुए पुलिस लाठीचार्ज का हैंगओवर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार ने हल्द्वानी में तैनात सहायक सूचना निदेशक योगेश मिश्रा को भी हटा दिया है।
शासन भी हतप्रभ
मिश्रा को शासन ने चम्पावत भेज दिया है। चम्पावत में तैनात नारायण सिंह बिष्ट अब हल्द्वानी के नए सहायक सूचना निदेशक होंगे। सीएम की सुरक्षा में चूक, पुलिस लाठीचार्ज और उसके बाद मीडिया में सरकार की फजीहत ने शासन को भी हतप्रभ कर दिया है।
इसकी गाज हल्द्वानी के सहायक निदेशक सूचना योगेश मिश्रा पर गिरी। उन्हें हटाकर इसी पद पर चम्पावत भेज दिया गया है।
महानिदेशक सूचना रविनाथ रमन ने तबादला आदेश जारी कर दिए है। वैसे तो मिश्रा के तबादले का आधार प्रशासनिक बताया गया है लेकिन माना यही जा रहा है कि इस कांड के बाद मिश्रा ने मीडिया में अपने दायित्वों को गंभीरता से नहीं निभाया। मिश्रा एक काबीना मंत्री के बहुत नजदीकी बताए जाते है।
लेकिन यह तबादला मुख्यमंत्री के आदेश पर हुआ है, इसलिए रुकने की संभावना नहीं के बराबर है। मुख्यमंत्री इस घटना में सहायक सूचना निदेशक केरोल से काफी खफा थे। डेढ़ साल पहले योगेश मिश्रा को हल्द्वानी अटैच किया गया था। इससे पहले भी वह कई साल तक हल्द्वानी में ही तैनात रहे। मिश्रा के स्थान पर चम्पावत से नारायण सिंह बिष्ट को भेजा गया है।
पहले ही हट चुके है दो पुलिस अफसर
इससे पहले भी एसपी सिटी हल्द्वानी नवनीत भुल्लर व डिप्टी एसपी गिरीश चंद्र टम्टा का तबादला सीएम की सुरक्षा में चूक और लाठीचार्ज कांड को लेकर किया गया। अभी भी एसएसपी को हटाने केलिए हल्द्वानी में आंदोलन जारी है।