ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजधानी से सटे सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बीते तीन दिन से पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं आने से औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कंपनियों में उत्पादन नहीं हो पा रहा है। इस बाबत उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यूपीसीएल व पिटकुल के प्रबंध निदेशकों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करायी है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मई 2019 तक औद्योगिक क्षेत्र के लिए 220 केवी का पावर स्टेशन स्थापित करने की मांग है।
सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में 250 के करीब कंपनियां संचालित हैं। बीते दिनों राजधानी में बादल फटने के बाद बिंदाल पावर स्टेशन से जुड़ा टावर नदी में ढह गया था। इसके बाद शहर के अलावा सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र की आपूर्ति भी ठप हो गई। बिजली आपूर्ति नहीं होने से फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप है। इस समस्या के बाबत उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक अनिल मारवाह की अगुवाई में उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा और पिटकुल अभियंताओं से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र के लिए चार साल पूर्व 220 केवी का पावर स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव पारित हो गया था, लेकिन आज तक अमल नहीं हो पाया है। यदि औद्योगिक क्षेत्र में ही पावर स्टेशन स्थापित कर दिया जाए तो सहूलियतें होगी। उद्यमियों ने मई 2019 तक क्षेत्र में पावर स्टेशन स्थापित नहीं होने पर फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप करने के साथ ही पिटकुल व यूपीसीएल में भी तालाबंदी की चेतावनी दी है। यूपीसीएल प्रबंध निदेशक ने औद्योगिक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु कराने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा नया पावर स्टेशन बनाने के बाबत प्रयास की बात कही। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के महासचिव पवन अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुनील उनियाल, केक अग्रवाल, जीतेंद्र कुमार, सचिव पंकज गुप्ता, बीके अग्रवाल, दीपक गर्ग आदि शामिल रहे।