आजाद नगर के रहने वाले प्रापर्टी डीलर के घर से हुई चोरी के केस को पुलिस ने हल कर लिया है। चोर उनका अपना ड्राइवर ही निकला, जिसने अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम दिया था। ड्राइवर के खिलाफ पहले भी कई चोरियों के केस दर्ज हैं।
एसपी (डी) परमजीत सिंह गोराइयां ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि आजाद नगर निवासी प्रापर्टी डीलर हरीश वधवा के घर से 32 बोर की एक पिस्तौल, 32 बोर की रिवाल्वर समेत कारतूस और तीन लाख की नगदी चोरी हो गई थी। प्रापर्टी डीलर की पत्नी सोनिया वधवा के बयान पर त्रिपड़ी पुलिस ने बीती 9 जनवरी केस दर्ज कर लिया था।
थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर शमिंदर सिंह ने मामले की जांच के बाद वीरवार को आरोपी राजवीर सिंह उर्फ गुलाब सिंह निवासी जय जवान कालोनी पटियाला और संदीप सिंह उर्फ दीप सिंह निवासी गांव बलमगढ़ थाना सन्नौर जिला पटियाला को गिरफ्तार किया।
इनसे पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी राजवीर सिंह सोनिया वधवा के घर प्राइवेट तौर पर ड्राइवर का काम करता था, उसने ही अपने साथी संदीप सिंह के साथ मिलकर सोनिया के घर से हथियारों व तीन लाख रुपये चोरी किए थे।
आरोपियों से पुलिस ने हथियार व नगदी बरामद कर ली है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि राजवीर सिंह के खिलाफ पहले भी कैथल, सदर समाना, सिटी समाना, बख्शीवाला, पसियाना में करीब आठ चोरियों के केस दर्ज हैं।